मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक सेन समाज संगठन जुन्नारदेव द्वारा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष को एक महत्वपूर्ण आवेदन सौंपा गया। आवेदन के माध्यम से संगठन ने अपने आराध्य एवं महान संत, संत शिरोमणि सेन जी महाराज के भव्य मंदिर निर्माण तथा समाज के कल्याणकारी कार्यों के संचालन के लिए उपयुक्त भूखंड (भूमि) आवंटित किए जाने की मांग की है।
आवेदन के मुख्य बिंदु:
मंदिर निर्माण की आवश्यकता: संगठन ने बताया कि जिला छिंदवाड़ा की अन्य विधानसभा क्षेत्रों एवं ब्लॉक इकाइयों में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के मंदिरों का निर्माण हो चुका है, लेकिन जुन्नारदेव में अब तक भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण समाज का मंदिर नहीं बन पाया है।
सामाजिक एवं कल्याणकारी गतिविधियां: ब्लॉक सेन समाज संगठन जुन्नारदेव द्वारा क्षेत्र में लगातार विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यालय एवं बैठकों के लिए भूमि की कमी: तहसील स्तर पर समाजबंधुओं के एकत्रित होने, विभिन्न आयोजनों एवं बैठकों के संचालन के लिए वर्तमान में संगठन के पास स्वयं की कोई अधिकृत भूमि या भवन उपलब्ध नहीं है।
समाज की अपील: सेन समाज संगठन ने नगर पालिका परिषद से विनम्र आग्रह किया है कि जनहित एवं समाजहित को ध्यान में रखते हुए आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। ब्लॉक सेन समाज संगठन जुन्नारदेव के नाम से भूमि आवंटित होने से न केवल संत शिरोमणि सेन जी महाराज के मंदिर का निर्माण सुनिश्चित हो सकेगा, बल्कि समाज के उत्थान एवं कल्याण से जुड़े अन्य रचनात्मक कार्यों को भी गति मिलेगी।
समस्त सेन समाज जुन्नारदेव परिवार ने नगर पालिका प्रशासन से इस पुनीत कार्य में सकारात्मक सहयोग प्रदान करने तथा जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई है।

