इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:

सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद शासन-प्रशासन के साथ ही पूरे संभाग में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के बाद दमोह पुलिस भी सतर्क नजर आ रही है। पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है।

दमोह जिले में लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर कच्ची शराब बनाए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। वहीं, दमोह नगर सहित अन्य तहसील क्षेत्रों में भी अवैध रूप से शराब बेचने और अहाते संचालित किए जाने की बात सामने आती रही है।

पुलिस द्वारा हटा, मड़ियादो, पथरिया, पटेरा सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। दमोह के पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे भी कच्ची शराब और शराब बनाने की सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर महिलाएं भी अवैध शराब के कारोबार में शामिल पाई गईं।
रनेह क्षेत्र में 15 लीटर कच्ची शराब जब्त
थाना रनेह पुलिस ने ग्राम बिजवार में दबिश देकर तीन महिलाओं के कब्जे से करीब 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके साथ ही करीब 150 किलो महुआ लहान जब्त किया गया। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, अन्य चार महिलाओं के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मड़ियादो में 30 लीटर कच्ची शराब बरामद
मड़ियादो पुलिस ने ग्राम मदनटोर में दबिश देकर चार महिलाओं के पास से करीब 30 लीटर कच्ची शराब जब्त की। मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस ने करीब 100 किलो महुआ लहान नष्ट कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
प्रधानमंत्री आवास में मिली शराब बनाने की फैक्ट्री
पथरिया क्षेत्र में पुलिस ने ग्रामीण इलाकों में एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से घरों में संचालित की जा रही कच्ची शराब बनाने की गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान पथरिया नगर में निर्मित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी के एक सरकारी आवास में कच्ची शराब बनाने की गतिविधि सामने आने से मामला चर्चा में आ गया।
कार्रवाई के दौरान प्रधानमंत्री आवास से करीब 12 तेल के पीपों में रखा महुआ लहान बरामद कर मौके पर नष्ट किया गया। इसके अलावा करीब 20 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची शराब भी जब्त की गई।
अवैध अहाते भी हटाए गए
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे अहातों को हटाया तथा मौके से शराब बनाने और बेचने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की। पुलिस की टीमों द्वारा एक साथ कई स्थानों पर दबिश दिए जाने से क्षेत्र में चर्चा का दौर शुरू हो गया।
सागर की घटना के बाद दमोह जिले में हुई इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रखने की जरूरत है।

