ओमप्रकाश सोनी, अनूपपुर, (मप्र), NIT:
दिनांक 03/09/2026 को डायल-112 कंट्रोल रूम द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गोड़ारू के जंगल में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की लाश पड़ी है, जिसके सिर में चोट के निशान हैं। सूचना पर थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने विवेचना कार्यवाही प्रारंभ की।
जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मृतक स्वामी सिंह गोंड, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम गोड़ारू की धारदार हथियार से सिर एवं चेहरे पर वार कर हत्या की गई थी। अंधी हत्या की इस वारदात को पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब ने गंभीरता से लेते हुए शीघ्र पतासाजी कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशानुसार थाना प्रभारी कोतमा के नेतृत्व में अंधी हत्या का खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल ने पुलिस टीम के साथ ग्राम गोड़ारू में रातभर कैंप किया। ग्रामीणों से चर्चा करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम गोड़ारू निवासी श्यामसुंदर महरा, पिता रामप्रसाद महरा का मृतक के साथ जमीन को लेकर तथा मृतक की पत्नी के साथ कथित संबंधों के संदेह को लेकर पूर्व में 2-3 बार विवाद हो चुका था। जानकारी मिलने के बाद जब श्यामसुंदर महरा की तलाश की गई तो वह अपने घर से गायब मिला।
पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदेही श्यामसुंदर महरा को ग्राम गोड़ारू के जंगल से पकड़कर अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में श्यामसुंदर महरा ने बताया कि दिनांक 03/09/2026 को करीब 12 से 1 बजे के बीच मृतक स्वामी सिंह गोंड और उसके बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने मृतक पर कुल्हाड़ी से चेहरे और सिर पर प्राणघातक वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
आरोपी ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी तथा घटना के समय पहने हुए कपड़े, जिन पर खून के छींटे पड़े थे, अपने घर में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने दोनों को उसके घर से जब्त कर लिया।
आरोपी श्यामसुंदर महरा, पिता रामप्रसाद महरा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम गोड़ारू को दिनांक 04/09/2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के साथ सउनि सुखीनंद यादव, प्र.आर. रामखेलावन यादव, प्र.आर. दिनेश राठौर, आरक्षक अभय त्रिपाठी, आरक्षक महेश साहू, आरक्षक इस्तयाक खान, आरक्षक चालक अनिल मरावी एवं साइबर सेल से प्र.आर. राजेन्द्र अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

