इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से इकरा एजुकेशन सोसायटी संचालित इकरा शाहीन उर्दू हाईस्कूल एवं जूनियर कॉलेज, मेहरूण, जलगांव में ‘साइबर सेफ्टी एंड अवेयरनेस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जूनियर कॉलेज के आईटी विभाग की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में जलगांव साइबर पुलिस स्टेशन के श्री सचिन सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी व पासवर्ड की सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल तथा फर्जी लिंक से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए।
सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। साइबर अपराध की घटना होने पर तत्काल साइबर पुलिस से संपर्क करने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय एवं जूनियर कॉलेज के प्राचार्य रियाज शाह तथा पर्यवेक्षक जाकिर सर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल तकनीक का सुरक्षित, जिम्मेदार और सकारात्मक इस्तेमाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा फरहान शेख ने प्रस्तुत की, जबकि संचालन सोहेल अमीर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मसूद शेख, मुस्तकीम खान, सुहैल शकील और अजीम काजी ने सहयोग किया।
इकरा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल करीम सालार एवं सचिव एजाज अहमद मलिक ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों और शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रमों को आवश्यक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सचिन सूर्यवंशी का आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछकर संवादात्मक सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संदेश रहा “क्लिक करने से पहले सोचें, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।”

