रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
झाबुआ जिले के मेघनगर नगर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री अवंती सिंह ने नगर का भ्रमण कर विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान जगह-जगह अतिक्रमण और फुटपाथ पर लगाई जा रही दुकानों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई।
एसडीएम ने नगर परिषद सीएमओ को निर्देश दिए कि अतिक्रमण करने वालों को दो दिन के भीतर नोटिस जारी कर तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी ने कार्रवाई में लापरवाही या चालाकी करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फुटपाथ पर दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को दशहरा मैदान में दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क और फुटपाथ पर यातायात एवं आमजन की आवाजाही बाधित न हो।
नगर के हृदय स्थल कहे जाने वाले बस स्टैंड क्षेत्र में भी अतिक्रमण का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वहां बनी एक बड़ी इमारत को लेकर भी अतिक्रमण की स्थिति की जांच के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने नगर परिषद सीएमओ एवं तहसीलदार को निर्देशित किया कि चिन्हित सभी अतिक्रमणों को निर्धारित समय-सीमा में हटाया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

