रायसेन जिला जेल में सनसनीखेज वारदात: विचाराधीन कैदी ने प्रहरी को मारी गोली, गंभीर हालत में भोपाल रेफर | New India Times

तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

New India Times

रायसेन की जिला जेल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विचाराधीन कैदी ने जेल के मुख्य गेट पर तैनात प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर कथित तौर पर देसी कट्टे से गोली चला दी। गोली लगने से प्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल रायसेन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर भोपाल एम्स रेफर कर दिया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी कैदी नीलेश ठाकुर उर्फ नीलेश निर्वेदी, निवासी दिमाड़ा, बरेली क्षेत्र, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में विचाराधीन कैदी के रूप में जिला जेल में बंद है।

रक्षाबंधन कार्यक्रम के लिए फल की टोकरी लेकर पहुंचा था कैदी

जानकारी के अनुसार, बुधवार को जिला जेल में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसी कार्यक्रम के लिए कैदी नीलेश फल की टोकरी लेकर जेल के मुख्य गेट के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसके द्वारा जेल का गेट खुलवाकर बाहर निकलने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।

प्रहरी द्वारा गेट नहीं खोले जाने पर विवाद की स्थिति बनी और आरोप है कि कैदी ने देसी कट्टा निकालकर गोली चला दी। गोली लगने के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जेल कर्मचारियों ने तत्काल घायल प्रहरी को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल एम्स रेफर कर दिया।

प्राथमिक जानकारी में गोली शरीर में फंसने तथा फेफड़े के निचले हिस्से तक पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि, चोट की वास्तविक स्थिति की पुष्टि चिकित्सकीय जांच और उपचार के बाद ही स्पष्ट होगी।

जेल में कैदी तक कट्टा कैसे पहुंचा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल जैसे सुरक्षित परिसर में एक विचाराधीन कैदी के पास देसी कट्टा कैसे पहुंचा? हथियार जेल के अंदर किस माध्यम से पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई, यह जांच का विषय है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कैदी तक हथियार कैसे पहुंचा और गोली चलाने के पीछे वास्तविक कारण क्या था।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.