मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

रबी-उल-अव्वल माह के अवसर पर ‘वहदत-ए-इस्लामी हिंद’ की ओर से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ देशव्यापी जनजागरण अभियान ‘पैगाम-ए-रहमत-ए-आलम’ चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से स्त्री भ्रूणहत्या, आत्महत्या, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और पर्यावरण प्रदूषण जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत बुधवार, 2 सितंबर को यवतमाल शहर में विशेष परिसंवाद आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी विकास मीना करेंगे, जबकि जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला शल्य चिकित्सक डॉ. सुखदेव राठोड और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुभाष ढोले मुख्य अतिथि के रूप में सहभागी होंगे। कार्यक्रम में ‘वहदत-ए-इस्लामी हिंद’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जिया उद्दीन सिद्दीकी की विशेष उपस्थिति रहेगी। परिसंवाद की अध्यक्षता संगठन के महासचिव डॉ. अनीस अहमद करेंगे।
इस अवसर पर श्री अब्दुल वहाब मलिक प्रमुख वक्ता के रूप में सामाजिक बुराइयों और उनके दुष्परिणामों पर विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन स्टेट बैंक चौक के समीप होटल मिडटाउन, यवतमाल में किया गया है। आयोजकों ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर सामाजिक जागरूकता के इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
