वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
स्थानीय वि.कु.स्मा. सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, गोला में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक आकाश एवं नगर प्रचारक नितिन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा अपने दैनिक कार्यों, नागरिक जिम्मेदारियों और सामाजिक सहयोग के माध्यम से देश की प्रगति एवं विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्य रूप से व्यक्ति निर्माण, समाज सेवा और हिंदुत्व की विचारधारा के माध्यम से युवाओं को समाज से जोड़ने तथा सकारात्मक भावनाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करता है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
जिला प्रचारक आकाश ने प्रसिद्ध प्रेरणादायक सूत्र “सर पर बर्फ, हृदय में पत्थर, मुंह में शक्कर और पैर में चक्कर” का अर्थ समझाते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में व्यक्ति को अपना दिमाग शांत और संतुलित रखना चाहिए, ताकि क्रोध में कोई गलत निर्णय न लिया जाए। मुंह में शक्कर का अर्थ है कि हमेशा मधुर एवं विनम्र भाषा का प्रयोग करना चाहिए और किसी को अपनी बात से आहत नहीं करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हृदय में पत्थर का अर्थ है कि निर्णय लेते समय व्यावहारिक और दृढ़ रहना चाहिए, ताकि कोई आपकी भावनाओं का अनुचित लाभ न उठा सके। वहीं पैर में चक्कर का अर्थ है कि कर्मठ व्यक्ति को हमेशा सक्रिय रहना चाहिए तथा निरंतर लोगों के बीच जनसंपर्क और भ्रमण करते रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्यक्तित्व निर्माण ही राष्ट्र निर्माण की नींव है। युवाओं को अपने व्यक्तित्व का विकास करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।
इस दौरान विद्यार्थियों ने मुख्य वक्ताओं से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनके वक्ताओं ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने दोनों वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन नगर कार्यवाह महेंद्र नाथ पाठक ने किया।

