रक्षाबंधन पर जुन्नारदेव पुलिस ने बिछड़े भाई को बहन से मिलाया | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जुन्नारदेव पुलिस ने मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए परासिया क्षेत्र से लापता हुए एक युवक को उसकी बहन से मिलवा दिया। पुलिस की तत्परता से भाई-बहन की रक्षाबंधन पर मुलाकात हो सकी।

जानकारी के अनुसार जुन्नारदेव निवासी युवक परासिया क्षेत्र में एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अचानक बिना किसी को बताए कहीं चला गया और लापता हो गया। युवक के लापता होने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से युवक की तस्वीर वायरल कर उसे तलाशने का प्रयास किया गया।

तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद युवक जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के आसपास घूमता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर महिला प्रधान आरक्षक प्रेमलता धुर्वे और आरक्षक संतोष धुर्वे ने तत्परता दिखाते हुए युवक की पहचान की और उसे सुरक्षित थाने लाया गया।

पुलिस ने युवक की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसकी बहन से संपर्क किया और उसे थाने बुलाया। इसके बाद रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पुलिस की मौजूदगी में भाई को उसकी बहन से मिलवाया गया। भाई को सकुशल पाकर बहन की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे।

बताया गया है कि दोनों भाई-बहन के माता-पिता का निधन हो चुका है। ऐसे में रक्षाबंधन के दिन पुलिस द्वारा भाई को बहन से मिलवाना परिवार के लिए भावुक और यादगार पल बन गया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.