अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

एनटीपीसी कहलगांव द्वारा सीएसआर के तहत खेल परिषद के सहयोग से गुरुवार को एनटीपीसी टाउनशिप स्थित विक्रमशिला क्लब में अंतर-विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कहलगांव के 12 विद्यालयों के 60 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न आयु वर्गों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन परियोजना प्रमुख रविंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (केमिस्ट्री) बिकाश चक्रवर्ती सहित एनटीपीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और रणनीतिक सोच का प्रदर्शन किया।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, एकाग्रता, तार्किक क्षमता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में हाई स्कूल वर्ग में आयुष राज (डीएवी एनटीपीसी स्कूल), मिडिल स्कूल वर्ग में अमृत कुमार (डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी) और प्राथमिक वर्ग में एकांश कुमार (सेंट जोसेफ स्कूल, एनटीपीसी) विजेता रहे।
एनटीपीसी कहलगांव के पीआरओ सह प्रबंधक चेव्वाकुला श्रीकांत और प्रिया ने कहा कि इस प्रकार की पहल बच्चों के समग्र विकास के साथ उनकी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सीएसआर के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

