दो माह से पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण, पंचायत पहुंचकर की शिकायत | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत पनारा के वार्ड क्रमांक 19 और 20 के ग्रामीण पिछले करीब दो माह से पेयजल और निस्तार के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। नलों में लंबे समय से पानी नहीं आने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में भी उन्हें पीने और दैनिक उपयोग के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।

समस्या से परेशान होकर शनिवार को दोनों वार्डों के ग्रामीण एकत्रित होकर ग्राम पंचायत पनारा पहुंचे और सरपंच एवं सचिव से पानी की समस्या को लेकर शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो महीनों से नलों में पानी की एक बूंद भी नहीं आई है, जिसके कारण उन्हें दूर-दराज से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और ग्राम पंचायत से जल्द से जल्द पेयजल एवं निस्तार के पानी की उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

वहीं, सरपंच ने बताया कि नल-जल मिशन योजना के तहत डाली गई पाइपलाइन का काम अभी आधा-अधूरा है। साथ ही आवश्यक स्थानों पर वॉल्व नहीं लगाए जाने के कारण वार्ड क्रमांक 19 और 20 में पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने बताया कि नल-जल मिशन के ठेकेदार को आवश्यक वॉल्व लगाने के लिए कहा गया है। करीब तीन वॉल्व लगाए जाने के बाद इन दोनों वार्डों में पानी की सप्लाई शुरू हो सकेगी।

अब देखना होगा कि ठेकेदार द्वारा वॉल्व लगाने का काम कब तक पूरा किया जाता है और ग्रामीणों को पेयजल एवं निस्तार के पानी की समस्या से कब राहत मिलती है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.