मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

यवतमाल शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों और चौराहों पर आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। नागरिकों के अनुसार, कई इलाकों में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं। कुत्तों के झुंड राहगीरों पर भौंकने के साथ ही लोगों पर हमला करने और काटने की घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
रात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। गली-मोहल्लों, चौराहों और प्रमुख मार्गों पर झुंड में घूमते कुत्तों के कारण नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है। सबसे अधिक चिंता छोटे बच्चों को लेकर है। अभिभावक बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने में भी डर रहे हैं।
नागरिकों ने नगर परिषद के नगरसेवकों से इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने आवारा कुत्तों का उचित बंदोबस्त करने तथा नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

