सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा, हादसे की आशंका | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

कोल्हिया-डुंगरिया बस स्टैंड से कोल्हिया पंचायत के पेट्रोल पंप तक सड़क पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा बना रहता है। मवेशी सड़क पर झुंड बनाकर बैठे रहते हैं, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो रहा है। फोर व्हीलर और टू व्हीलर वाहन चालकों सहित राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार वाहन चालक अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में गिरकर घायल हो जाते हैं। वहीं, तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से मवेशियों के घायल होने या उनकी मौत की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।

जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने सार्वजनिक स्थानों और राजमार्गों पर आवारा मवेशियों के कारण उत्पन्न होने वाली समस्या को लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर आवारा मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान होता नजर नहीं आ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्रों और ग्राम पंचायतों में सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े के कारण आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि यातायात सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.