राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य विभाग ने मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। विभागीय टीम द्वारा शहर के होटल, रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
बुधवार को उपभोक्ता की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने कटरा बाजार स्थित न्यू शुभम होटल का औचक निरीक्षण किया। टीम ने यहां से पनीर और दाल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। इससे पहले सिविल लाइन स्थित डॉमिनोज पिज्जा से भी पनीर का नमूना लिया जा चुका है।
विभाग की टीम ने शिकायतों के आधार पर न्यू ब्रिजवासी स्वीट्स, नंद रानी स्वीट्स और श्री बालाजी कृपा रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 12 अगस्त को करिला स्थित वर्धमान फूड प्रोडक्ट्स पर छापामार कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि प्रतिष्ठान लाइसेंस में दर्ज पते से अलग स्थान पर संचालित हो रहा था। इसके अलावा चाय के लाइसेंस पर काजू की पैकेजिंग किए जाने की बात भी सामने आई। टीम ने यहां से संजीवनी टी, वैदिक संजीवनी गुड लाइफ काजू और शक्ति टी के नमूने लेकर भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे हैं।
खाद्य विभाग ने वैध लाइसेंस के अभाव में संबंधित प्रतिष्ठान को तत्काल संचालन बंद रखने का नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

