अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस की सतर्कता से चोरी हुआ महिला का पर्स बरामद कर लिया गया। पर्स में मोबाइल फोन सहित महिला के जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सिद्धार्थ नगर जिले के ग्राम बुड्ढी खास निवासी इकबाल अहमद पुत्र फजलुर्रहमान अपने परिवार के साथ बढ़नी से पनवेल जा रहे थे। परिवार ट्रेन नंबर 15065 के 3rd एसी कोच बी-5 में यात्रा कर रहा था। इसी दौरान रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर महिला का पर्स चोरी हो गया।
थाना जीआरपी के हेड कांस्टेबल हनुमान सिंह के मुताबिक, घटना रात करीब 4 बजे की है। ट्रेन के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-4 पर पहुंचने के दौरान एक युवक ट्रेन से उतरकर महिला का पर्स लेकर जाता दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात जीआरपी पुलिसकर्मी की नजर संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिसकर्मी ने उसका पीछा किया तो युवक पर्स को मौके पर ही छोड़कर तेज रफ्तार से फरार हो गया।
जीआरपी पुलिसकर्मी ने पर्स को बरामद कर रानी कमलापति जीआरपी थाने में जमा कराया। तलाशी लेने पर पर्स में मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज मिले। इसके बाद युवक के परिवार की ओर से उनके रिश्तेदार अबरार अहमद खान जो न्यू इंडिया टाइम्स में पत्रकार हैं, थाने पहुंचे। उन्होंने हेड कांस्टेबल हनुमान सिंह से संपर्क कर पर्स की पहचान कराई।
जीआरपी पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से महिला का चोरी हुआ सामान सुरक्षित बरामद हो गया। पुलिस की इस तत्परता की परिजनों ने सराहना की।

