आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:
थाना देहात भिण्ड पुलिस की तत्परता और साहस से बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन आने से चंद पल पहले पुलिसकर्मियों ने रेलवे पटरी पर लेटे युवक को खींचकर सुरक्षित बचा लिया। ट्रेन के पहुंचने से करीब 50 मीटर पहले युवक को पटरी से हटाया गया।
दिनांक 19 अगस्त 2026 को रात करीब 9 बजे मिश्रन का पुरा, अटेर रोड, भिण्ड निवासी एक महिला ने डायल-112 पर सूचना दी कि उसके पति का घर पर शराब पीने को लेकर विवाद हुआ है। विवाद के बाद वह आत्महत्या करने की धमकी देकर रेलवे पटरी की ओर चला गया है।
डायल-112 से प्राप्त सूचना को कंट्रोल रूम भिण्ड द्वारा थाना प्रभारी देहात भिण्ड निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत को अवगत कराया गया। थाना प्रभारी ने तत्काल साइबर सेल भिण्ड से संबंधित व्यक्ति के मोबाइल नंबर की लोकेशन प्राप्त कर चीता मोबाइल में तैनात आरक्षक जहीर मोहम्मद और आरक्षक मनीषदेव मिश्रा को उपलब्ध कराई।
दोनों आरक्षकों ने प्राप्त लोकेशन के आधार पर रेलवे पटरी के आसपास युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आने की रोशनी दिखाई दी और हॉर्न की आवाज सुनाई दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरक्षकों ने तत्काल रेलवे पटरी की ओर दौड़ लगा दी।
करीब 200 मीटर दौड़ने के बाद युवक रेलवे ट्रैक पर लेटा हुआ मिला। पुलिसकर्मियों ने उसे पटरी से हटाने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने पटरी को मजबूती से पकड़ रखा था और हटने को तैयार नहीं था। ट्रेन तेजी से नजदीक आ रही थी। ऐसे में दोनों आरक्षकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना पूरी ताकत लगाकर युवक को रेलवे पटरी से खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
इस दौरान युवक के हाथ में चोट लगने से रक्तस्राव होने लगा। आरक्षकों ने तत्काल उसके घायल हाथ पर कपड़ा बांधकर रक्तस्राव को रोका और उसे सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने युवक और उसकी पत्नी को समझाइश देकर विवाद शांत कराया तथा युवक को उसकी पत्नी के सुपुर्द कर दिया।
पुलिसकर्मियों की तत्परता, सूझबूझ और साहस के कारण एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। ट्रेन के पहुंचने से महज करीब 50 मीटर पहले युवक को रेलवे पटरी से सुरक्षित हटाया गया।
इस सराहनीय कार्य में निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, थाना प्रभारी थाना देहात भिण्ड, आरक्षक जहीर मोहम्मद, आरक्षक मनीषदेव मिश्रा एवं साइबर सेल भिण्ड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

