“अब नहीं तो कब काम आएंगी वक्फ की ज़मीनें?”:हाजी मोहम्मद इमरान | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:


राजधानी भोपाल के नारियल खेड़ा में मकान टूटने की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग तेज हो गई है। कौमी खिदमतगार भोपाल के हाजी मोहम्मद इमरान ने मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड से प्रभावित गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।

हाजी मोहम्मद इमरान ने कहा कि भोपाल शहर में वक्फ बोर्ड के अधीन बड़ी संख्या में भूमि उपलब्ध है और नारियल खेड़ा क्षेत्र में भी वक्फ की जमीनें मौजूद हैं। ऐसे में यदि नियमों के तहत इन जमीनों का उपयोग प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए किया जा सके, तो यह जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत होगी।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई के बाद कई परिवारों के सामने रहने और अपने छोटे बच्चों को सुरक्षित रखने की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के साथ ही स्थायी पुनर्वास की दिशा में ठोस सहायता की आवश्यकता है।

हाजी इमरान ने मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड से आग्रह किया कि वह अपने अधीन उपलब्ध और पुनर्वास के लिए उपयोग योग्य भूमि का परीक्षण कर प्रभावित परिवारों के लिए आवासीय व्यवस्था की संभावनाएं तलाशे। साथ ही बोर्ड की ओर से पीड़ित परिवारों को राहत और छत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों का उद्देश्य जरूरतमंदों और समाज के हित में काम आना भी है। ऐसे संकट के समय यदि वक्फ बोर्ड प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में सहयोग करता है, तो यह एक सराहनीय मानवीय पहल होगी।

हाजी मोहम्मद इमरान ने कहा, “प्रभावित परिवार आज मदद और छत की उम्मीद लगाए बैठे हैं। अगर वक्फ की जमीन जरूरतमंदों के काम नहीं आएगी तो आखिर अब नहीं तो कब काम आएगी?”

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.