वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय ओयल में विशेष चिकित्सा शिविर एवं लोक कला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. पीके रावत तथा प्रभारी सीएमएस डॉ. आरपी वर्मा मौजूद रहे। इसी के साथ जिले में दो माह तक चलने वाले सघन एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान की औपचारिक शुरुआत भी हुई। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय अनुदीप वर्मा, डिस्ट्रिक्ट पीएमडीटी/टीबी-एचआईवी कोऑर्डिनेटर ने किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जादू का शो रहा। जादूगर ने मनोरंजक करतबों और खेलों के माध्यम से युवाओं व आम लोगों को एचआईवी/एड्स के लक्षण, बचाव के उपाय तथा बीमारी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी। वहीं, क्यूआर कोड स्कैन के माध्यम से युवाओं को ‘सेल्फ रिस्क असेसमेंट’ यानी स्वयं के जोखिम का आकलन करने की तकनीक भी समझाई गई। आधुनिक तकनीक और मनोरंजन के इस प्रयास में युवाओं ने खासा उत्साह दिखाया।
डॉ. पीके रावत ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और एड्स जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए सही जानकारी सबसे प्रभावी हथियार है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे एचआईवी/एड्स से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
शिविर में 58 लोगों की एचआईवी एवं सिफलिस तथा 58 लोगों की हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी की नि:शुल्क जांच की गई। विशेषज्ञों ने शिविर में आए लोगों की काउंसलिंग कर उन्हें स्वेच्छा से स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
प्रभारी सीएमएस डॉ. आरपी वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अगले दो माह तक जिले के विभिन्न ब्लॉकों, स्कूलों और ग्राम पंचायतों में लोक कला कार्यक्रमों, रैलियों एवं गोष्ठियों के माध्यम से एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अभिषेक कुमार, परमानंद, गजेन्द्र पाल, प्रियंका तिवारी, अमन मेहरोत्रा, हर्षिता सक्सेना, अंजू पाल, जितेन्द्र कुमार सहित फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स एवं अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग किया।

