मोहम्मद इस्हाक़ मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र ), NIT:

रीवा जिले के गोविंदगढ़ तालाब में रिसाव की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री, मध्यप्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं अमरपाटन विधायक दादा भाई डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने करीब चार घंटे मौके पर रहकर अधिकारियों एवं ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मुख्य अभियंता विनोद मंडलोई सहित संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर रिसाव वाले स्थान का जायजा लिया और तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद तालाब की मेंढ़ में सीपेज वाले स्थान को ढोका, कंक्रीट, बालू एवं सीमेंट की मदद से भरकर रिसाव को रोकने का कार्य कराया गया।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष जल उपभोक्ता संस्था गोविंदगढ़ चंडिकेश्वर सिंह तिवारी ने बताया कि इस प्रकार का रिसाव पूर्व में भी सामने आता रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में तालाब के फूटने का कोई खतरा नहीं है।
हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार तालाब के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में मैहर जिले के आनंदगढ़, मुकुंदपुर, परसिया, मोहनी, कपुरहाई, हरदी, सेमरिया सहित आसपास के सैकड़ों गांव प्रभावित हो सकते हैं। इसी को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में चिंता बनी हुई थी।
निरीक्षण के दौरान आसपास के करीब एक दर्जन गांवों से आए जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विधायक से चर्चा की। इनमें ग्राम पंचायत आमिन के सरपंच शिवेश सिंह उर्फ राहुल, आनंदगढ़ के सरपंच प्रतिनिधि रामनरेश साहू, नगर परिषद गोविंदगढ़ के अध्यक्ष अभिषेक सिंह, कुंज बिहारी मिश्रा, मध्यप्रदेश विधानसभा के सेवानिवृत्त सचिव शेखर सिंह, अधिवक्ता राजमणि सिंह, नव स्वदेश के संवाददाता दिनेश शुक्ला, पूर्व सरपंच नागेंद्र सिंह पप्पू, कमलाकर पांडे, शैलेंद्र सिंह, विष्णु प्रताप सिंह, घनश्याम ताम्रकार, लल्लू लाल कुशवाहा, उदित पयासी, नृपेंद्र शुक्ला और नंदकिशोर साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों से चर्चा करते हुए डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि तालाब में हुए रिसाव से फिलहाल कोई खतरा नहीं है और स्थिति सामान्य है। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी तरह की भ्रामक सूचना से सावधान रहने की अपील की।

