गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:

शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, दतिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। महाविद्यालय के डीन डॉ. दीपक सिंह मरावी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
समारोह को संबोधित करते हुए डीन डॉ. दीपक सिंह मरावी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ मरीजों की सेवा करे तथा समाज के स्वास्थ्य एवं विकास में योगदान दे।
कार्यक्रम आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक शर्मा ने समारोह के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन डॉ. मनोज शर्मा एवं डॉ. शैफाली सिंघल ने गरिमापूर्ण ढंग से किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले महाविद्यालय के चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।

