मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
क्षेत्र की सुप्रसिद्ध धार्मिक देवस्थली पहली पायरी, जुन्नारदेव विशाला में शुक्रवार 14 अगस्त को स्वच्छता अभियान का चतुर्थ चरण चलाया गया। स्वच्छता अभियान के दौरान स्वप्रेरणा से सैकड़ों लोगों ने जनसहयोग से चलाए जा रहे इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी निभाई।
नागद्वारी मेले के बीच सैकड़ों की संख्या में युवक-युवतियां, बुजुर्ग और महिलाएं इस अभियान में शामिल हुए। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान को सार्थक रूप प्रदान किया। नागद्वारी मेले में आने वाले भक्तों ने भी क्षेत्र के लोगों द्वारा जनसहयोग से चलाए जा रहे इस स्वच्छता अभियान की जमकर सराहना की।
जलकुंड एवं मंदिर परिसर की हुई साफ-सफाई
नागद्वारी मेले के बीच मंदिर परिसर में भारी मात्रा में गंदगी एकत्रित हो गई थी। स्वच्छता अभियान के दौरान पहली पायरी के जलकुंड एवं मंदिर परिसर में व्याप्त गंदगी की साफ-सफाई की गई। इस दौरान सैकड़ों लोग हाथों में फावड़े लेकर गंदगी साफ करते नजर आए।
इस स्वच्छता अभियान में दमुआ, डुंगरिया, हिंगलाज सहित जुन्नारदेव एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।

