अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

हरियाली महोत्सव के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिले में “नवांकुर सखी हरियाली यात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड तिरला के ग्राम मूसापुरा में नवांकुर संस्था परम वैभव सामाजिक कल्याण समिति द्वारा 50 महिलाओं को कटहल के पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवार की आय का साधन विकसित करना है। महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने पौधों की देखभाल कर उन्हें बड़ा करेंगी और भविष्य में उनसे फल प्राप्त कर आर्थिक लाभ अर्जित करेंगी। इस पहल के माध्यम से गांव में हरियाली बढ़ाने के साथ ही ग्राम को “कटहल ग्राम” के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर महिलाओं ने हाथों में पौधे तथा बच्चों ने झंडे लेकर जागरूकता रैली निकाली। इसके पश्चात पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अशासकीय सदस्य श्री विनोद मोहने, संभाग समन्वयक श्री अमित शाह, जिला समन्वयक श्री सौरभ शुक्ला, नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री विकास जाट, मेंटर गीता डावर, आनंद ग्रेवाल एवं राजकुमार मंडलोई उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी विकासखंड समन्वयक श्रीमती मीना त्रिवेदी द्वारा दी गई।

