मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

आज जुन्नारदेव में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। पंडित रविशंकर स्कूल, नंदलाल स्कूल सहित कई स्कूलों के विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति का जज्बा दिखाया। शहर की सड़कों पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों की गूंज सुनाई दी।
शहर का भ्रमण करते हुए विद्यार्थियों और अधिकारियों की मौजूदगी में तिरंगा यात्रा पुलिस थाना जुन्नारदेव पहुंची। समापन अवसर पर राष्ट्रगान का गायन किया गया। राष्ट्रगान के सम्मान में सड़क पर चल रहे वाहनों के पहिए थम गए और राहगीर भी अपने स्थान पर रुककर सावधान की मुद्रा में खड़े हो गए। सभी ने राष्ट्र के सम्मान में राष्ट्रगान का गायन किया।
प्रशासनिक अधिकारियों की सीमित मौजूदगी पर सवाल
जहां एक ओर जिले में आयोजित तिरंगा यात्रा में डीआईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी नजर आए, वहीं जुन्नारदेव में इसके विपरीत स्थिति देखने को मिली। यहां सीमित अधिकारियों की मौजूदगी में तिरंगा यात्रा निकाली गई। बड़े प्रशासनिक अधिकारियों की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की ओर से भी इस मामले पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

