मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
भगवान शिव की भक्ति का रंग नन्हे-मुन्ने बच्चों पर भी चढ़ा हुआ है। श्रावण मास के पावन अवसर पर नगरवासी शिव भक्ति में लीन हैं। इसी क्रम में नगर के वार्ड क्रमांक 2 स्थित भुजलिया नाले के पास से नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कांवड़ यात्रा निकाली।
बच्चों ने आकर्षक ढंग से कांवड़ सजाई और यात्रा लेकर नगर के वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 स्थित माता खेड़ापति मंदिर पहुंचे। यहां बच्चों ने भगवान शिव के शिवलिंग पर कांवड़ का जल अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव की आरती की। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में बच्चों की माताएं एवं वार्ड की महिलाएं भी शामिल हुईं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा। कार्यक्रम के समापन के बाद बच्चों ने सभी को प्रसाद वितरित किया।
कांवड़ यात्रा में वार्ड क्रमांक 2 के अंश मालवीय, लक्ष्य नागले, ऋषभ चौबे, हर्षिका खोबरे, नैतिक पंडोले, यशस्वी बरहैया, आराध्या मालवीय, रियांशी पांडे, सिद्धार्थ रुखमांगत, दिव्यांश खोबरे, दीक्षा पंडोले, अमन नागले एवं चमन नागले सहित मंजू पांडे, पूजा मालवीय, पूर्णिमा पंडोले, सरिता नागले, रीना नागले, सविता खोबरे, बबीता चौबे, अंजली धुर्वे सहित वार्ड की महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

