साबिर खान, वसई-विरार/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:
अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-2, वसई पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी नोटों की तस्करी और अदला-बदली के प्रयास का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹97 लाख 91 हजार रुपये कीमत के नकली भारतीय नोट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-2, वसई के अधिकारी व कर्मचारी गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद रंग की सेल्टोस कार (MH 48 BT 8686) से शिरसाड फाटा क्षेत्र में बड़ी मात्रा में नकली भारतीय करेंसी लेकर पहुंचने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुंबई-बाजू जाने वाले सर्विस रोड पर प्रसाद ऑटो पार्ट्स की दुकान के सामने जाल बिछाकर आरोपी प्रदीप आत्माराम पाटील (51), निवासी काशीदकोपर, पोस्ट-मांडवी, तहसील वसई, जिला पालघर को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹500 मूल्यवर्ग के 19,582 नकली नोट, कुल ₹97,91,000 कीमत के बरामद हुए।
पुलिस ने नकली नोटों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मांडवी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 238/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 178, 179, 180, 182 व 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास नकली नोट कहां से आए, इन्हें कहां तैयार किया गया था, इनके निर्माण एवं खरीद-फरोख्त में कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या आरोपी का किसी अंतरराज्यीय नकली नोट गिरोह से संबंध है। मामले की गहन जांच अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-2, वसई द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंदे, पुलिस उपायुक्त संदीप डोईफोडे तथा सहायक पुलिस आयुक्त गोंडूराम बांगर के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस निरीक्षक अविराज कुराडे एवं उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

