मुख्य पाइपलाइन में लीकेज से हजारों लीटर पानी बर्बाद, तीन वार्डों में नल-जल योजना का पानी नहीं पहुंचने से ग्रामीण परेशान | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विकासखंड की ग्राम पंचायत डुंगरिया में नल-जल योजना की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज होने से पिछले करीब तीन दिनों से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। यह लीकेज डुंगरिया के दो नंबर स्थित पुराने हनुमान मंदिर के सामने तथा सरपंच सरिता धुर्वे के घर के सामने बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मंधन डैम से आने वाली नल-जल योजना की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण लगातार पानी बह रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से पाइपलाइन से पानी बहने के बावजूद संबंधित विभाग और ठेकेदार द्वारा लीकेज को ठीक नहीं कराया गया है।

वहीं, ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 9, 10 और 11 में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन कनेक्शन तो लगाए गए हैं, लेकिन ग्रामीणों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर कई बार ठेकेदार को अवगत कराया गया है। इसके अलावा 181 सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

ग्राम पंचायत डुंगरिया की सरपंच सरिता धुर्वे ने भी ठेकेदार को तीनों वार्डों में पानी नहीं पहुंचने की समस्या से अवगत कराया है। सरपंच के अनुसार ठेकेदार द्वारा समस्या का समाधान करने का आश्वासन तो दिया जा रहा है, लेकिन मौके पर आवश्यक कार्यवाही नहीं की जा रही है।

ग्रामीणों ने पीएचई विभाग एवं संबंधित ठेकेदार से पाइपलाइन के लीकेज को तत्काल ठीक कराने तथा वार्ड क्रमांक 9, 10 और 11 में नल-जल योजना के माध्यम से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.