मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
महिला कांग्रेस मध्य प्रदेश भोपाल की महासचिव श्रीमती सरिता राजेश भगत ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस संगठन में पद किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा पूरी करने का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बुरहानपुर जिले में संगठन को जिस तरह जमीनी स्तर पर मजबूत, सक्रिय और एकजुट होना चाहिए, उस दिशा में और अधिक गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। संगठन का नेतृत्व ऐसा होना चाहिए, जो व्यक्तिगत हितों और गुटीय राजनीति से ऊपर उठकर सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समान सम्मान दे तथा सभी को साथ लेकर चले।
सरिता राजेश भगत ने कहा कि उनका किसी व्यक्ति विशेष से व्यक्तिगत विरोध नहीं है। उनका विरोध उस कार्यशैली से है, जिसमें संगठन से अधिक व्यक्ति और व्यक्तिगत हित महत्वपूर्ण हो जाएं। कांग्रेस को मजबूत करने के लिए आवश्यक है कि जिला अध्यक्ष ऐसा हो, जो हर कार्यकर्ता की बात सुने, बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय करे तथा सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर चले।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो निष्ठावान, सक्रिय, सर्वस्वीकार्य और जमीन से जुड़ा हुआ हो। ऐसा नेतृत्व कठिन समय में कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहे और कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तथा बूथ-बूथ तक मजबूत करने का कार्य करे।
उन्होंने कहा कि वे संगठन के निर्णय का सम्मान करती हैं और कांग्रेस की मजबूती के लिए सदैव समर्पित रहेंगी।
व्यक्ति नहीं, संगठन सर्वोपरि है। पद नहीं, संगठन की मजबूती महत्वपूर्ण है और व्यक्तिगत हित नहीं, कांग्रेस का हित सबसे पहले होना चाहिए।

