संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

अमानगंज इलाके में बेखौफ चोरों ने एक किसान की कार के डैशबोर्ड से महज 5 मिनट के भीतर 2 लाख रुपये नकद पार कर दिए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जिस तरीके से चोरी को अंजाम दिया गया, उससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी बैंक से ही किसान का पीछा कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम गड़ोखर निवासी किसान जसवेंद्र सिंह परमार उर्फ गौरव (32) ने सेंट्रल बैंक की अमानगंज शाखा से 2 लाख रुपये निकाले थे। इसके बाद उन्होंने रकम अपनी कार के डैशबोर्ड में रख दी। बैंक से निकलने के बाद वे कटनी रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी पहुंचे, जहां पर्ची कटवाने के बाद कोनी रोड स्थित गैस गोदाम चले गए।
जसवेंद्र ने कार गैस गोदाम के बाहर खड़ी की और महज 5 मिनट के लिए सिलेंडर लेने अंदर चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने कार का डैशबोर्ड खोलकर उसमें रखे 2 लाख रुपये नकद पार कर दिए।
5 मिनट बाद लौटे तो खुला मिला डैशबोर्ड
जब जसवेंद्र वापस कार के पास पहुंचे तो डैशबोर्ड खुला हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। उन्होंने आसपास काफी तलाश की और लोगों से पूछताछ की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
बैंक से गैस गोदाम तक CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अमानगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब सेंट्रल बैंक से लेकर गैस गोदाम तक के रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसान की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में नाराजगी है। अब पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

