मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:

शहर में लागू नो-एंट्री व्यवस्था के कारण व्यापारियों को माल परिवहन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। व्यापारियों की समस्या को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़ ने कलेक्टर से मुलाकात कर समाधान की मांग रखी। वहीं, क्षेत्रीय विधायक नीलेश उइके ने भी व्यापारियों की समस्या को कलेक्टर के समक्ष प्रमुखता से उठाया।
व्यापारियों का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था और स्थानीय अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नो-एंट्री व्यवस्था में व्यवहारिक बदलाव की आवश्यकता है। पिछले कई महीनों से यह समस्या लगातार चर्चा में है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
बताया गया कि कुछ लोगों ने छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री के समक्ष भी इस समस्या को लेकर चर्चा की है। व्यापारियों ने मांग की है कि नो-एंट्री व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाए और ऐसी व्यवहारिक व्यवस्था बनाई जाए, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे और व्यापारियों को माल परिवहन में हो रही परेशानी से शीघ्र राहत मिल सके।
व्यापारियों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही उचित निर्णय लेगा।

