राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (म.प्र.), NIT:
ग्राम पंचायत झुनकू के संजय नगर क्षेत्र में एक दुकानदार पर पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में संजय नगर के ग्रामीण रात में पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी सोहेल खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उसके कथित आतंक और गुंडागर्दी की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार फरियादी पप्पू उर्फ दीपक पटेल ने बताया कि उनके घर के पास स्थित शासकीय विद्यालय के एक बच्चे के साथ सोहेल खान मारपीट कर रहा था। जब उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उन पर पत्थर फेंककर हमला कर दिया। पत्थर लगने से उनकी पसली में गंभीर चोट आई और वे मौके पर ही बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने घायल पप्पू पटेल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देवरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सोहेल खान लंबे समय से क्षेत्र में लोगों के साथ मारपीट और गुंडागर्दी करता आ रहा है। वे लाठी-डंडे लेकर लोगों को डराता-धमकाता है, जिससे क्षेत्र के बच्चे और आम नागरिक भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं।
जिला चिकित्सालय से उपचार कर लौटने के बाद पप्पू पटेल ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

