फत्तेपुर सैधरी के प्रकाश नगर में जलभराव और कीचड़ से बदहाल हालात, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की उठाई मांग | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

विकासखंड सदर की ग्राम पंचायत फत्तेपुर सैधरी का मोहल्ला प्रकाश नगर इन दिनों अपने नाम के विपरीत बदहाल व्यवस्था से जूझ रहा है। मानसून की बारिश के बाद पूरे क्षेत्र में जलभराव और कीचड़ की समस्या गंभीर हो गई है। इससे स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और स्कूली बच्चों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

मोहल्ले की मुख्य सड़क कच्ची होने के कारण बारिश में पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है। चिकनी मिट्टी के चलते आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को हो रही है। कई बच्चे कीचड़ में गिरकर चोटिल हो जाते हैं, उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो जाती है और कई बार वे स्कूल भी नहीं जा पाते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोहल्ले में 500 से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। चुनाव के समय सभी जनप्रतिनिधि और प्रत्याशी यहां विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही यह क्षेत्र उपेक्षा का शिकार हो जाता है।

प्रधान पर वादे पूरे न करने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान ग्राम प्रधान उत्तम कुमार वर्मा उर्फ गुड्डू ने चुनाव के दौरान गांव की सभी समस्याओं के समाधान का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई नया और ठोस विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं देता। ग्रामीणों के अनुसार, अब तक हुए अधिकांश कार्य पिछले कार्यकाल की लंबित योजनाओं से जुड़े थे।

लोगों का कहना है कि जलभराव की शिकायत करने पर हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है कि “इस बार समस्या का समाधान कर दिया जाएगा”, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब प्रधान द्वारा बजट न मिलने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों ने लगाए पक्षपात के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान के नए आवास तक जाने वाले मार्ग पर इंटरलॉकिंग सड़क बनवा दी गई, जबकि मोहल्ले के अंदर और विश्वनाथ कॉलोनी की ओर जाने वाला रास्ता आज भी कीचड़ और जलभराव से जूझ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि बरसात को देखते हुए फिलहाल सड़क पर मिट्टी या मलबा डालकर उसे समतल कर दिया जाए, तो लोगों को आने-जाने में राहत मिल सकती है। बारिश समाप्त होने के बाद इस मार्ग पर इंटरलॉकिंग कराकर इसे पहले से बनी सड़क से जोड़ दिया जाए, जिससे जलभराव और फिसलन की समस्या काफी हद तक दूर हो सके।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा प्रकाश नगर में पक्की सड़क का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.