पीथमपुर पुलिस ने लूटकांड का 24 घंटे में किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार | New India Times

पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित क्लिक होटल के पीछे गली में 7 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:15 बजे दो अज्ञात बदमाशों ने वंश सोलंकी (18), निवासी करवासा, थाना बेटमा, जिला इंदौर पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपियों ने उससे ₹2,000 नकद और उसकी हीरो होंडा शाइन मोटरसाइकिल लूट ली तथा मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल वंश अपने मित्र के साथ उपचार के लिए गेटवेल अस्पताल, महू पहुंचा। अस्पताल से प्राप्त सूचना और फरियादी के बयान के आधार पर 10 जुलाई 2026 को थाना पीथमपुर में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगभग तीन किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। सैकड़ों घंटे के फुटेज का विश्लेषण कर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई हीरो होंडा शाइन मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:

1. मंजू लोधी (21), पिता डोलन सिंह, निवासी हडली, थाना बांदी, जिला सागर, हाल मुकाम हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-3, पीथमपुर।

2. शिवा अलावा (20), पिता आरम सिंह अलावा, निवासी हरसवार, थाना आलीराजपुर, जिला अलीराजपुर, हाल मुकाम कान्हा विहार कॉलोनी, सेक्टर-3, पीथमपुर।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील शर्मा, उप निरीक्षक पी.एस. बारिया, प्रधान आरक्षक विशाल महाजन, आरक्षक लखन और आरक्षक आकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.