तारापाटी बैराज की मरम्मत के लिए 1.96 करोड़ रुपये की स्वीकृति, किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर जिले की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के प्रयासों से मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन विभाग ने तारापाटी बैराज के विशेष मरम्मत कार्य के लिए 1 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। शासन द्वारा स्वीकृति आदेश जारी होने के साथ ही लंबे समय से लंबित इस कार्य के जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

श्रीमती चिटनिस ने बताया कि वर्ष 2023 में 22 से 24 अगस्त के दौरान हुई रिकॉर्ड अतिवृष्टि से जिले के कई बैराज क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे उनकी जल संग्रहण क्षमता प्रभावित हुई और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। किसानों की समस्या को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा विभागीय अधिकारियों के समक्ष लगातार मामला उठाया और क्षतिग्रस्त बैराजों की मरम्मत के लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति देने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि शासन द्वारा जिले के क्षतिग्रस्त बैराजों के पुनर्स्थापन के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रशासनिक स्वीकृतियाँ दी जा रही हैं। इससे पहले वर्ष 2023 की अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त बोदरली, रायसेना, खोखरी क्रमांक-2 और रेहटा-नीमगांव बैराजों के विशेष मरम्मत कार्यों के लिए 2 करोड़ 92 लाख 21 हजार रुपये तथा बख्खारी बैराज के विशेष मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य के लिए 2 करोड़ 84 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। अब तारापाटी बैराज के लिए 1 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की स्वीकृति मिलने से जिले की सिंचाई परियोजनाओं के पुनर्स्थापन कार्य को और गति मिलेगी।

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद तारापाटी बैराज की जल संग्रहण क्षमता बढ़ेगी, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि, जल संरक्षण को बढ़ावा और किसानों को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य शासन जिले की सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार स्वीकृतियाँ प्रदान कर रहा है और आने वाले समय में अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और जिले की सिंचाई व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.