19 जुलाई को खिलाड़ियों को मिलेगा ₹26.33 करोड़ की लागत से बने अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का तोहफा | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिले के खिलाड़ियों के लिए लंबे समय से जिस अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का इंतजार था, वह अब पूरा होने की दहलीज पर है। करीब ₹26.33 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा यह खेल परिसर 19 जुलाई को लोकार्पण के लिए प्रस्तावित है। तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी के साथ निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण किया और अधिकारियों को हर हाल में समय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्विमिंग पूल, बैडमिंटन हॉल, कबड्डी हॉल और 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्विमिंग पूल में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, पानी की गहराई का स्पष्ट अंकन कराने तथा लाइफगार्ड के साथ महिला एवं पुरुष तैराकी प्रशिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि उद्घाटन से पहले स्टेडियम की सभी सुविधाएं पूरी तरह तैयार, सुरक्षित और खिलाड़ियों के उपयोग के योग्य होनी चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि यह स्टेडियम केवल एक इमारत नहीं, बल्कि शाहजहाँपुर की खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने वाला केंद्र बनेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह परिसर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगा।

निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी एस.पी. बामनिया, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के एपीएम श्याम, सहायक अभियंता प्रवेश आलम, जूनियर इंजीनियर अग्रसेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.