रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

ग्राम सिरलाय में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यथेष्ठ ग्रुप एवं श्री तिरुपति ग्रीन्स कॉलोनी के सहयोग से 41 फीट ऊंची भव्य भगवान तिरुपति बालाजी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। यह प्रतिमा बड़वाह विधानसभा क्षेत्र में अपनी तरह की पहली और सबसे ऊंची प्रतिमा बताई जा रही है।

‘जय गोविंदा, जय गोपाल’ और ‘मां नर्मदे हर’ के जयघोष के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यथेष्ठ ग्रुप के कॉलोनाइज़र सोनू तंवर, लक्ष्मण हरेसिंह काग एवं महेश गुर्जर ने हाईवा क्रेन की सहायता से प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद भगवान तिरुपति बालाजी का पूजन-अर्चन कर पुष्पमालाएं अर्पित की गईं। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मां नर्मदा एवं भगवान तिरुपति बालाजी की भव्य महाआरती की गई तथा आतिशबाजी भी हुई। रविवार सुबह 11 बजे महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

भगवान तिरुपति बालाजी के नाम से पहचानी जाएगी श्री तिरुपति ग्रीन्स कॉलोनी
यथेष्ठ ग्रुप इंदौर के सोनू तंवर एवं श्री तिरुपति ग्रीन्स कॉलोनी के कॉलोनाइज़र लक्ष्मण हरेसिंह काग ने बताया कि भगवान तिरुपति बालाजी की यह प्रतिमा क्षेत्र की नई पहचान बनेगी। अब श्री तिरुपति ग्रीन्स कॉलोनी को भगवान तिरुपति बालाजी की प्रतिमा के कारण दूर-दूर तक जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें इस भव्य प्रतिमा के दर्शन का अवसर मिला है।
छह माह में तैयार हुई 41 फीट ऊंची प्रतिमा
लक्ष्मण हरेसिंह काग ने बताया कि प्रतिमा निर्माण का कार्य जनवरी माह में शुरू किया गया था। इंदौर के कुशल कारीगरों ने इसे मात्र छह माह में तैयार किया। प्रतिमा की ऊंचाई 41 फीट है, जिसे 5 फीट ऊंचे चबूतरे पर स्थापित किया गया है।
सरिया-सीमेंट से बनी मजबूत प्रतिमा
सोनू तंवर ने बताया कि प्रतिमा का निर्माण सरिया, सीमेंट और गिट्टी से किया गया है। इसे मजबूत तकनीक से तैयार किया गया है, जिससे यह लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में समाजसेवी भुवनेश सेंगर, रोमेश विजयवर्गीय, महिम ठाकुर, सीटू राजपाल, अशोक तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

