ऑल इंडिया पैग़ाम-ए-इंसानियत फ़ोरम द्वारा मअहद अली मियाँ नदवी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ऑल इंडिया पैग़ाम-ए-इंसानियत फ़ोरम, बुरहानपुर यूनिट के सक्रिय सदस्य मोहम्मद असरार उल्लाह नदवी ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार, 5 जुलाई 2026 को फ़ोरम की ओर से मअहद अली मियाँ नदवी, एस.के. कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर के समीप, बुरहानपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर में संस्थान (मदरसे) के छात्रों एवं उस्तादों (शिक्षकों) ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान संजीवनी ब्लड बैंक की टीम उपस्थित रही और रक्त संग्रह की सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी मअहद अली मियाँ नदवी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा चुका है। ऑल इंडिया पैग़ाम-ए-इंसानियत फ़ोरम का उद्देश्य मानवता के रिश्तों को सशक्त बनाना, समाज में प्रेम, सद्भाव, सहयोग और परोपकार की भावना को बढ़ावा देना तथा पूरे भारत में इंसानियत का संदेश फैलाना है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए संस्था समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन करती रहती है।

इस अवसर पर मोहम्मद असरार उल्लाह नदवी ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी मानव सेवा और जनकल्याण के ऐसे कार्य निरंतर करती रहेगी। उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर मानवता की सेवा के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों को स्वीकार करे तथा इन्हें समाज में शांति, सद्भाव और जनकल्याण का प्रभावी माध्यम बनाए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.