पुलिस थाने के सामने बिल्डर की हत्या से फैली सनसनी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल | New India TimesOplus_131072

अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नज़र आए, जब तिलकामांझी थाना के ठीक सामने स्थित एक बिल्डिंग में बिल्डर बजरंगी कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव उनके कार्यालय के अंदर से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार, बजरंगी कुमार मंगलवार रात घर नहीं लौटे थे। रोज की तरह उन्हें सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने जाना था, लेकिन जब वे नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। उनकी तलाश के दौरान पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब उनके कार्यालय पहुंची तो बाहर से ताला बंद मिला। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर उनका शव रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे और हत्या की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं। घटना स्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को लगाया गया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध लोग कैमरे में दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

परिजनों ने बताया कि बजरंगी कुमार लंबे समय से बिल्डर का काम कर रहे थे। वे कभी-कभी फोन पर किसी से विवाद करते नजर आते थे, लेकिन हत्या के पीछे की वजह क्या है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
थाने के ठीक सामने हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा कब तक कर पाती है और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाती है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.