विवेक जैन, बागपत (यूपी), NIT:
जनपद बागपत के आदिनाथ नगर, डूंडाहेड़ा में जिनशासन की अनुपम सिद्धभूमि की प्रतिकृति पर बनने जा रहे कैलाशगिरि जिनालय का भव्य शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिलान्यास कार्यक्रम दिगम्बराचार्य 108 श्री विनिश्चय सागर जी महाराज ससंघ, मुनि श्री 108 ज्ञात सागर जी महाराज तथा ऐलक श्री 105 विज्ञान सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।
सुप्रसिद्ध समाजसेवी, जैन धर्म के विद्वान एवं स्याद्वाद जैन एजुकेशनल एंड सोशल ट्रस्ट के सचिव शिखर चंद जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चार के साथ भूमि शुद्धि एवं वास्तु पूजन से किया गया। इस दौरान निर्माण स्थल को पवित्र करने, भूमि दोषों के निवारण तथा मंदिर के आधार को सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
इसके उपरांत श्री विनिश्चय सागर जी महाराज ने अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण से संबंधित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने के लिए बोली लगाई।
बाद में जिनेन्द्र भगवान के जयघोष के साथ ध्वजारोहण किया गया और विधि-विधान से जिनालय का शिलान्यास संपन्न कराया गया। शिलान्यास के प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अशोक जैन शास्त्री तथा विधानाचार्य बाल ब्रह्मचारी नमन भैया रहे।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं संगीतकार ऋषभ जैन सरस ने अपने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के आयोजक लॉर्ड महावीर एजुकेशनल एंड सोशल ट्रस्ट एवं स्याद्वाद जैन एजुकेशनल एंड सोशल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। वहीं, सहयोगी संस्था श्री 1008 चिंतामणि पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर कमेटी, रिवर पार्क, बागपत के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों की सराहना की।
इस अवसर पर नागेंद्र जैन गोयल, जैन समाज बागपत के अध्यक्ष पंकज जैन, ईश्वर जैन, पंडित हंसराज जैन, कमल जैन, संकल्प जैन, नवीन जैन (दिल्ली), ए.के. जैन (किरण विहार), रवि जैन, प्रदीप जैन, नरेश जैन (खेकड़ा), राहुल जैन, अनिल जैन, पत्रकार विपुल जैन (बागपत), त्रिलोक चंद जैन (बड़ागांव), अजय जैन, विवेक जैन, ऋषभ जैन, प्रवीण मलिक, सोनिया तीरखा, बबीता जैन सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

