मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), पुलिस, जिला प्रशासन और मंडी प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के जियाखेल स्थित एक फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठित ‘राजधानी’ ब्रांड के नाम पर कथित रूप से नकली बेसन और दालों का निर्माण करने वाली इकाई का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान लगभग 32.87 लाख रुपये मूल्य का माल, पैकिंग मशीन तथा बड़ी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री सीज की गई।
क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) देवव्रत बाजपेयी ने बताया कि राजधानी फ्लोर मिल्स लिमिटेड, दिल्ली के अधिकृत प्रतिनिधि भूमेश गौड़ ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि उनके ब्रांड के नाम और पैकिंग का दुरुपयोग कर नकली बेसन और दालें बाजार में बेची जा रही हैं। शिकायत के बाद प्रशासन ने तत्काल संयुक्त छापेमारी की।
थाना चौक कोतवाली क्षेत्र के केरूगंज, जियाखेल स्थित आरव उद्योग में कथित रूप से राजधानी ब्रांड की पैकिंग में नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। मौके से लगभग 550 भरे हुए बोरे, बड़ी मात्रा में दाल, खाली पैकिंग बैग, पैकिंग मशीन तथा अन्य उपकरण बरामद कर सीज कर दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, कंपनी की शिकायत पर थाना चौक कोतवाली में ट्रेडमार्क अधिनियम, 1999 की धारा 103 एवं 104 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 346, 347 और 348 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आरव उद्योग की प्रोपराइटर अनुराधा अग्रवाल को नामजद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्य एकत्र कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत बाजपेयी, एफएसडीए, मंडी प्रशासन, राजधानी फ्लोर मिल्स के प्रतिनिधि तथा चौक कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही।

