मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दातलावादी में हाल ही में हुई विद्युत केबल चोरी के मामले में ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दातला ओपन कास्ट क्षेत्र में मोटर पंप से जुड़ी करीब 180 मीटर लंबी विद्युत केबल चोरी हो गई थी। चोरी गई केबल की अनुमानित कीमत लगभग 96 हजार रुपये बताई जा रही है। यह केबल निस्तार के पानी की आपूर्ति के लिए उपयोग में लाई जाती थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी सलमान खान और नीरज धुर्वे चोरी की गई केबल को बेचने के इरादे से ले जा रहे थे। इसी दौरान दातला अंडर ब्रिज के पास ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सौंप दिया।
आरोपियों को पकड़ने में उप सरपंच रामपाल परते, याकूब खान, सुमित विन्नेतकर, आमिर सिद्दीकी, नजीर खान सहित अन्य ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। केबल चोरी के कारण ग्राम पंचायत को करीब 96 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, साथ ही नल-जल योजना भी प्रभावित हुई है। हालांकि, व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।

