अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

एनटीपीसी कहलगांव में 1 जून से 27 जून 2026 तक आयोजित बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) 2026 का भव्य समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने बालिकाओं को आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और साहस के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख (प्रभारी) मनोरंजन परिदा ने बालिकाओं के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह में मेंटेनेंस के महाप्रबंधक श्रीनाथ मारीसेट्टी, ऐश डाइक प्रबंधन की मधुमिता दास, सृष्टि समाज की उपाध्यक्ष ऊषा मारीसेट्टी, सृष्टि समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष तथा सृष्टि समाज के सदस्य भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एनटीपीसी कहलगांव द्वारा पहली बार बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) पुस्तिका का लोकार्पण किया गया। इस पुस्तिका में अभियान की प्रमुख गतिविधियों, उपलब्धियों और बालिकाओं के प्रेरणादायक अनुभवों का संकलन किया गया है।
अभियान में कुल 127 बालिकाओं ने भाग लिया।
एनटीपीसी कहलगांव के पीआरओ सह प्रबंधक चेव्वाकुला श्रीकांत ने बताया कि 27 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं ने कराटे, योग, आत्मरक्षा, विज्ञान, कला एवं शिल्प सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण से उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल का विकास हुआ।
समापन समारोह में बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, GEM पुस्तिका तथा हिंदी की पाँच पुस्तकें भेंट की गईं।

