मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “सेल्फ क्लिक 2.0” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जुन्नारदेव पुलिस एवं पुलिस चौकी अंबाड़ा द्वारा नंदलाल स्कूल सहित गांवों, कस्बों, शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, मैसेज, व्हाट्सएप लिंक, सोशल मीडिया, ऑनलाइन शॉपिंग, डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी अपडेट, बैंक खाता बंद होने का डर, बिजली बिल, लॉटरी, निवेश, पार्ट-टाइम जॉब और ओटीपी के नाम पर लोगों से ठगी करते हैं। ऐसे किसी भी कॉल, लिंक या संदेश पर बिना सत्यापन विश्वास न करें तथा अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, यूपीआई पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, केवल आधिकारिक वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप का ही उपयोग करें तथा सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी सीमित रखें। किसी भी संदिग्ध लेन-देन या साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
मध्य प्रदेश पुलिस ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करें। “सेल्फ क्लिक 2.0” अभियान का उद्देश्य सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण करना तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
संदेश:
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या लालच में न आएं।”
इस दौरान जुन्नारदेव पुलिस एवं अंबाड़ा पुलिस चौकी का स्टाफ उपस्थित रहा।

