टीटीई की सतर्कता से घर से भागी महिला को सुरक्षित किया गया परिजनों को सुपुर्द | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में एक टीटीई की सतर्कता एवं संवेदनशीलता के चलते घर से भागी एक महिला यात्री को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाने में सफलता हासिल की गई। टीटीई की त्वरित कार्रवाई से संभावित अनहोनी टल गई और महिला को सुरक्षित रेल सुरक्षा बल के माध्यम से उसके परिवार तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

जानकारी के अनुसार, 25 जून को भोपाल मंडल के गुना स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान टीटीई नरेश धाकड़ गाड़ी संख्या 04114 हुबली–प्रयागराज स्पेशल में टिकट जांच कर रहे थे। इस दौरान एस-5 स्लीपर कोच की बर्थ संख्या 42 पर एक महिला यात्री नागपुर से ग्वालियर के जनरल टिकट पर यात्रा करती मिली। सहयात्रियों ने टीटीई को बताया कि महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है।

टीटीई द्वारा पूछताछ किए जाने पर पता चला कि महिला नागपुर की रहने वाली है और घर से भागकर ट्रेन में यात्रा कर रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीटीई ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित रूप से रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ग्वालियर के सुपुर्द कर दिया। महिला के पास उपलब्ध टिकट और अन्य जानकारियों के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया, जिससे उसे सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि पश्चिम मध्य रेल का टिकट चेकिंग स्टाफ केवल टिकट जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा, मानवता और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करता है। उन्होंने टीटीई नरेश धाकड़ की सतर्कता और मानवीय पहल की सराहना की।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.