वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

मितौली क्षेत्र के ग्राम दतेली कला में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जुम्मन अली के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई। आग लगने के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन धुआं और तेज़ लपटें उठती देख सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हैंडपंप, बाल्टियों व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
पीड़ित जुम्मन अली के अनुसार आग में घर के अंदर खड़ी दो मोटरसाइकिलें, वाशिंग मशीन, चारपाई, बिस्तर, कपड़े, बर्तन, अनाज समेत सभी जरूरी घरेलू सामान नष्ट हो गया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी रामदास वर्मा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए अपनी ओर से 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।
सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल प्रतिश कुमार उपाध्याय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और आश्वासन दिया कि रिपोर्ट शासन को भेजकर पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल राहत देने की मांग की है।

