राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
देवरी नगर के मुख्य मार्ग पर बस स्टैंड, बंधा पुल से लेकर नगर पालिका चौराहा तक लगने वाले लगातार जाम से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार शाम करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच बस स्टैंड और बंधा पुल के बीच लगभग एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिसमें बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस गए।
नगर के प्रमुख मार्ग के दोनों ओर अवैध पार्किंग और सड़क किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शांति समिति की बैठकों में नागरिकों द्वारा इस समस्या को कई बार उठाया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। सुबह और शाम के समय बस स्टैंड क्षेत्र से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार 108 एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं भी 10 से 20 मिनट तक जाम में फंसी रहती हैं।
इधर, नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए देवरी थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। उप निरीक्षक समरथ सीनम के नेतृत्व में यातायात सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया द्वारा थाने के निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और पुलिस चौकी को पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के पालन में पुलिस ने बंधा पुल, बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए ‘चीता’ और ‘बाज’ नाम से दो विशेष टीमों का गठन किया है। ‘चीता’ टीम में आरक्षक अमित और मोहित तथा ‘बाज’ टीम में आरक्षक अतुल और समीर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये टीमें अलग-अलग शिफ्ट में तैनात रहकर यातायात सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों पर भी नजर रखेंगी।
नगरवासियों का मानना है कि यदि यह अभियान निरंतर जारी रहा और प्रशासन का सहयोग मिला, तो देवरी को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। उप निरीक्षक समरथ सीनम की सक्रियता और तत्परता की नगर में सराहना की जा रही है।

