राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
ग्राम सेंधवारा में तालाब निर्माण कार्य के दौरान दो शराबियों ने ठेकेदार के कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घायलों में डंपर चालक राहुल शर्मा (35) निवासी केवलारी, पोकलेन मशीन चालक पूरन लोधी (23) निवासी चौरदा मढियां तथा चौकीदार रघुवीर सिंह बुदेला (45) निवासी हरदुआ शामिल हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में देवरी थाना पुलिस ने रात में आरोपी गोविंद आदिवासी और सोमपाल आदिवासी, दोनों निवासी सेंधवारा, के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
घायल डंपर चालक राहुल शर्मा ने बताया कि गांव के दोनों आरोपी शराब के नशे में मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान उन्होंने पोकलेन मशीन चालक पूरन लोधी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे राहुल शर्मा पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।

