अतीश दीपंकर ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर जिला विधिज्ञ संघ के वर्ष 2026–28 के चुनाव के तहत भागलपुर कचहरी परिसर में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुक्ति प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी भोला कुमार मंडल तथा संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी जयप्रकाश यादव व्यास ने अपने समर्थक अधिवक्ताओं के साथ विधिवत नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन के अवसर पर कचहरी परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और प्रत्याशियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
नामांकन जुलूस में अधिवक्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने चुनाव को लेकर अधिवक्ता समुदाय के उत्साह, एकजुटता और लोकतांत्रिक भावना को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर प्रत्याशियों ने कहा कि यदि उन्हें अधिवक्ताओं का विश्वास और समर्थन प्राप्त होता है, तो वे जिला विधिज्ञ संघ की गरिमा और प्रतिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ करने, अधिवक्ताओं के अधिकारों एवं कल्याण के लिए प्रभावी पहल करने तथा संघ के समग्र विकास हेतु पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
प्रत्याशियों ने नामांकन के दौरान उपस्थित सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी चुनाव में अपना बहुमूल्य समर्थन एवं सहयोग देने की अपील की।

