वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच जनपद के मोहम्मदी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम दिलावरपुर की जमीनी हकीकत बदहाल व्यवस्था की तस्वीर पेश कर रही है। गांव की नालियां ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रही हैं, जिससे जगह-जगह जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। इसके कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
गांव में फैली गंदगी और जलभराव के कारण ग्रामीणों का जीवन कठिन हो गया है। आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के स्कूल जाने वाले मार्ग पर भी बिना बारिश के जलभराव बना रहता है। ऐसे में यदि बारिश हो जाए तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। कीचड़ और गंदगी के कारण राहगीरों और ग्रामीणों के फिसलकर घायल होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन आज भी गांव के लोग जल निकासी, स्वच्छता और बेहतर सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

