अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:
गंगा नदी के किनारे स्थित चुनार क्षेत्र में आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और एनसीसी की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभ्यास (मॉक ड्रिल) आयोजित किया गया, जिसमें बाढ़, नाव दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के तरीकों का प्रदर्शन किया गया।
प्रयागराज के नैनी से पहुंची विशेषज्ञ टीमों ने गंगा नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की बारीकियों से जवानों को अवगत कराया। इस दौरान पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और त्वरित प्रतिक्रिया की रणनीतियों पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
अभ्यास के दौरान आधुनिक बचाव उपकरणों और तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के नियमित अभ्यास से आपदा के समय घबराहट कम होती है और बचाव कार्यों में तेजी आती है।
प्रशासन का कहना है कि आपदा से घबराने के बजाय उससे निपटने की तैयारी ही सबसे बड़ी ताकत है, और चुनार में चल रहा यह अभ्यास उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

