मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
पुलिस अनुविभाग जुन्नारदेव के अंतर्गत थाना नवेगांव क्षेत्र के ग्राम तोरनवाड़ी में लाड़ली बहना योजना से जुड़ी कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह खेतों में मजदूरी का कार्य करती है तथा उसका बैंक ऑफ महाराष्ट्र, जिला बैतूल शाखा में खाता है, जिसमें उसका मोबाइल नंबर लिंक है।
महिला के अनुसार उसके खाते में लाड़ली बहना योजना की राशि आती थी और मोबाइल पर संदेश भी प्राप्त होते थे। नवंबर 2025 तक राशि खाते में जमा हुई, लेकिन इसके बाद योजना की राशि आना बंद हो गई। इस पर महिला ने बैंक पहुंचकर जानकारी ली।
जांच के दौरान पता चला कि उसके नाम से एयरटेल पेमेंट्स बैंक में एक खाता संचालित हो रहा है, जिसमें लाड़ली बहना योजना की राशि हर माह जमा हो रही है। महिला का आरोप है कि उसने कभी एयरटेल पेमेंट्स बैंक में खाता नहीं खुलवाया। उसके नाम पर संचालित खाते में किसी अन्य मोबाइल नंबर के माध्यम से लेनदेन किए जाने की जानकारी सामने आई है।
महिला ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी खाता खोलकर योजना की राशि का गलत तरीके से लाभ लिया है। मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

